भाजपा कार्यालय के पीछे से डंपर चोरी, पुलिस ने शुरू की जांच,

0

मुलताई। मुलताई क्षेत्र में चल रहे जुए, सट्टे के परिणाम अब दिखने लगे हैं। लगातार बढ़ रही आपराधिक गतिविधियों ने आमजन की चिंता बढ़ा दी है। हाल के दिनों में मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद अब नगर के नाका नंबर-1 स्थित भाजपा कार्यालय के पीछे से एक डंपर चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, चोरी हुआ डंपर कांग्रेस नेता एवं पार्षद पति शेख जाकिर का बताया जा रहा है। डंपर भाजपा कार्यालय के पीछे खड़ा था, जहां से बीती रात अज्ञात व्यक्ति उसे लेकर फरार हो गए। सुबह वाहन निर्धारित स्थान पर नहीं मिलने पर शेख जाकिर ने आसपास तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिलने पर मुलताई थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

शेख जाकिर ने बताया कि उन्होंने हाल ही में डंपर खरीदा था और उसे भाजपा कार्यालय के पीछे खड़ा किया था। रात के दौरान अज्ञात व्यक्ति वाहन चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया।

थाना प्रभारी विकास पटेल ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस विभिन्न स्थानों के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में मिले सुरागों के आधार पर पुलिस टीम आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। जानकारी मिली है कि डंपर का पूर्व पंजीयन महाराष्ट्र के औरंगाबाद निवासी एक व्यक्ति के नाम पर था। वाहन के दस्तावेजों और स्वामित्व संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, पुलिस की एक टीम जांच के सिलसिले में औरंगाबाद (महाराष्ट्र) के लिए रवाना हुई है, ताकि वाहन से जुड़े सभी तथ्यों की पुष्टि की जा सके और चोरी की वारदात का जल्द खुलासा किया जा सके।

गौरतलब है कि जिस स्थान से डंपर चोरी हुआ, वह नगर का व्यस्त मुख्य मार्ग है। नाका नंबर-1 क्षेत्र में रातभर लोगों और वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। ऐसे स्थान से भारी वाहन की चोरी होने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा उपलब्ध तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here