ईद-उल-अज़हा को लेकर थाना मुलताई में शांति समिति की बैठक संपन्न,

0

अधिकारियों और मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने मिलकर तय की व्यवस्थाएं, साफ-सफाई व पेयजल पर विशेष जोर

मुलताई। त्याग, बलिदान और आपसी भाईचारे के प्रतीक पर्व ईद-उल-अज़हा (ईद-ए-कुर्बां) को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर थाना मुलताई परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग, नगर पालिका प्रतिनिधियों तथा मुस्लिम समाज के गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान ईद पर्व पर शहर में की जाने वाली आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार, थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार, तहसीलदार डॉ. संजय कुमार बरैया तथा नगर पालिका उपयंत्री योगेश कनेराव उपस्थित रहे। अधिकारियों ने मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों से सुझाव प्राप्त कर ईद के दिन ईदगाह एवं मस्जिदों के आसपास बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अनुविभागीय अधिकारी राजस्व राजीव कहार ने मुस्लिम समाज से ईद-उल-अज़हा का पर्व शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कुर्बानी के बाद निकलने वाले वेस्ट को एकत्रित कर नगर पालिका के कचरा वाहनों में ही डालें, ताकि नगर की स्वच्छता बनी रहे।

थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि बैठक में नगर पालिका की पेयजल व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं। इसके तहत ईद के दिन नागरिकों को निर्धारित समय से पहले पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा तथा प्रतिदिन की तुलना में लगभग 5 से 10 मिनट अतिरिक्त जलापूर्ति की जाएगी। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि ईद-उल-अज़हा के अवसर पर ईदगाह परिसर में नमाज के समय अस्थायी कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। यहां कर्मचारियों की तैनाती के साथ टेंट, शेड एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।

नगर के प्रमुख नमाज स्थलों — नूरानी मस्जिद, मरकज मस्जिद, जामा मस्जिद एवं ईदगाह — में पेयजल एवं साफ-सफाई की विशेष व्यवस्था की जाएगी। मार्गों एवं सार्वजनिक स्थानों पर चूना पट्टी डाली जाएगी तथा चलित शौचालय भी उपलब्ध कराए जाएंगे। नगर पालिका उपयंत्री योगेश कनेराव ने बताया कि ईद के दिन दोपहर 2 बजे के बाद नगर में विशेष टिप्पर वाहन चलाए जाएंगे, जिनमें कुर्बानी का वेस्ट डाला जा सकेगा। इससे शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सहायता मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here