चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान युवक के साथ हुआ दर्दनाक हादसा,

0

मुलताई। मुलताई रेलवे स्टेशन पर रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। मुलताई निवासी मनीष महतकर (30) पिता हरि प्रसाद महतकर अपनी मां को मेमो ट्रेन से नागपुर भेजने स्टेशन पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि मनीष ने पहले अपनी मां को सुरक्षित ट्रेन में बैठाया, जिसके बाद वे बाकी सामान लेने के लिए नीचे उतर गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जब मनीष वापस ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रहे थे, तभी ट्रेन अचानक चल पड़ी। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका संतुलन बिगड़ गया और उनका एक पैर ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया। हादसा इतना भयावह था कि पैर बुरी तरह घिसने के बाद कटकर अलग हो गया।

घटना के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों की चीख-पुकार के बीच रेलवे कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए गंभीर रूप से घायल मनीष को तत्काल निजी अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए नागपुर रेफर कर दिया गया।

इस हृदयविदारक घटना के बाद स्टेशन पर मौजूद लोगों ने चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने के खतरों को लेकर चिंता जताई। वहीं रेलवे प्रशासन भी मामले की जानकारी जुटाने में लगा हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here