दिव्यांगजनों और वरिष्ठ नागरिकों को किया जा रहा गुमराह : पार्षद वंदना साहू “यूडीआईडी कार्ड के नाम पर पात्र हितग्राहियों को लौटाना अन्याय”, जांच और कार्रवाई की मांग,
———————————————————————-
मुलताई। नगर में आयोजित दिव्यांगजन शिविर को लेकर अव्यवस्थाओं और पात्र हितग्राहियों को लाभ से वंचित किए जाने का मामला सामने आया है। पार्षद वंदना साहू ने आरोप लगाया है कि दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए लगाए गए शिविर में प्रशासन द्वारा केवल औपचारिकता निभाई गई तथा लोगों को गुमराह किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार, 19 मई 2026 को प्रातः 10 बजे हाई स्कूल ग्राउंड के समीप स्थित बास्केटबॉल ग्राउंड में दिव्यांगजन शिविर का आयोजन किया गया था। आरोप है कि शिविर के संबंध में पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं किया गया, जिसके कारण अधिकांश जरूरतमंद लोगों को इसकी जानकारी ही नहीं मिल सकी।

पार्षद वंदना साहू ने कहा कि जो दिव्यांगजन किसी तरह शिविर तक पहुंचे, उन्हें भी विभिन्न कारण बताकर वापस लौटा दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि यूडीआईडी कार्ड के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है, जबकि कई हितग्राहियों के पास आधार कार्ड, विकलांगता प्रमाण पत्र तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध थे। इसके बावजूद पात्र लोगों को लाभ नहीं दिया गया। उन्होंने कहा कि जब कोई व्यक्ति स्पष्ट रूप से दिव्यांग है, स्थानीय वार्ड का निवासी है और उसके पास आवश्यक दस्तावेज मौजूद हैं, तब उसे केवल तकनीकी कारण बताकर वापस करना मानवीय संवेदनाओं के विपरीत है। इससे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य प्रभावित हो रहा है।

पार्षद ने आरोप लगाया कि यदि प्रशासन को केवल औपचारिकता निभानी थी तो शिविर आयोजित कर वाहवाही लूटने का प्रयास नहीं किया जाना चाहिए था। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यप्रणाली से आम जनता का विश्वास कमजोर होता है और जरूरतमंद लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते हैं। वंदना साहू ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की तत्काल जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारी-कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही पात्र दिव्यांगजनों एवं वरिष्ठ नागरिकों को शासन की योजनाओं का लाभ शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।


