मुलताई में महसूस हुए भूकंप के झटके, 3.9 तीव्रता का भूकंप आधिकारिक रूप से दर्ज,

0

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) के अनुसार 16 मई 2026 की रात 9 बजकर 31 मिनट 02 सेकंड पर बैतूल जिले के मुलताई क्षेत्र में 3.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया।

जिला जनसंपर्क कार्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र बैतूल जिले के आसपास दर्ज किया गया। भूकंप की गहराई जमीन से लगभग 10 किलोमीटर नीचे बताई गई है।

शुक्रवार रात लगभग 9:30 बजे मुलताई नगर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों ने तेज धमाके जैसी आवाजों के साथ धरती में कंपन महसूस किया था। इसके बाद कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए। लगभग 9:45 बजे पुनः कंपन महसूस होने तथा बाद में हल्के झटकों की भी जानकारी सामने आई थी।

पिछले कुछ महीनों से क्षेत्र में लगातार कंपन और धमाकों जैसी घटनाओं की चर्चा हो रही थी, जिसके चलते लोग इन घटनाओं को लेकर आशंकित थे। कई लोग इसे औद्योगिक ब्लास्टिंग गतिविधियों से जोड़कर देख रहे थे, जबकि कुछ नागरिक भूकंप की संभावना जता रहे थे। अब राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र की पुष्टि के बाद यह स्पष्ट हो गया है कि शुक्रवार रात महसूस किए गए झटके भूकंप के थे।

स्थानीय प्रशासन ने फिलहाल किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान से इनकार किया है। प्रशासन के अनुसार अब तक किसी भी क्षेत्र से नुकसान या घायल होने की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।हालांकि लगातार महसूस हो रहे झटकों के कारण लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है। नागरिकों का कहना है कि प्रशासन और विशेषज्ञों को समय-समय पर आमजन को जागरूक करते हुए आवश्यक सावधानियों की जानकारी भी उपलब्ध करानी चाहिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में लोग सतर्क रह सकें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here