ताप्ती परिक्रमा मार्ग से हरदौली फिल्टर प्लांट तक लिया जायजा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
मुलताई। नगरपालिका अध्यक्ष का पद संभालते ही नीतू परमार पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रही हैं। शहर में बेहतर पेयजल व्यवस्था और साफ-सफाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्होंने जमीनी स्तर पर तेजी से काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में मंगलवार सुबह करीब 6 बजे नपाध्यक्ष ने नगर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों-कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

ताप्ती परिक्रमा मार्ग पर सफाई व्यवस्था पर सख्ती
नपाध्यक्ष नीतू परमार ने उपाध्यक्ष शिवकुमार माहोरे, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुमित शिवहरे और कांग्रेस नेता प्रहलाद सिंह परमार के साथ ताप्ती परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लेते हुए सफाई कर्मियों को निर्देश दिए कि मार्ग को नियमित रूप से स्वच्छ रखा जाए, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
ताप्ती सरोवर के जलमार्गों की जल्द होगी सफाई
निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष ने ताप्ती सरोवर के जलमार्गों में जमा गंदगी और खरपतवार पर चिंता जताई। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्देशित किया कि जल्द से जल्द सफाई अभियान चलाकर जलमार्गों को साफ किया जाए, जिससे बरसात के दौरान स्वच्छ पानी सरोवर में पहुंचे और जल की गुणवत्ता बेहतर बनी रहे। हरदौली फिल्टर प्लांट पहुंचकर परखी जल आपूर्ति व्यवस्था परिक्रमा मार्ग के निरीक्षण के बाद नपाध्यक्ष हरदौली स्थित फिल्टर प्लांट पहुंचीं, जहां उन्होंने अधिकारियों के साथ चर्चा कर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान उपयंत्री योगेश अनेराव ने बताया कि 2 लाख लीटर क्षमता का नया सम्पवेल तैयार हो चुका है, जिससे जल संग्रहण क्षमता में वृद्धि होगी और जल्द ही इसका उपयोग आपूर्ति सुधारने में किया जाएगा।

पानी की गुणवत्ता जांच के लिए लैब टेक्नीशियन नियुक्त करने के निर्देश
नपाध्यक्ष ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) को निर्देश दिए कि फिल्टर प्लांट पर पानी की गुणवत्ता की नियमित जांच सुनिश्चित करने के लिए शीघ्र लैब टेक्नीशियन की नियुक्ति की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। शहरी फीडर से जुड़ेगा फिल्टर प्लांट, दूर होगी बिजली समस्या हरदौली फिल्टर प्लांट वर्तमान में ग्रामीण फीडर से जुड़ा होने के कारण लो वोल्टेज और बार-बार बिजली बाधित होने की समस्या से जूझ रहा है, जिससे जल आपूर्ति प्रभावित होती है।
उपयंत्री योगेश अनेराव ने जानकारी दी कि इस समस्या के समाधान के लिए फिल्टर प्लांट को शहरी फीडर से जोड़ने की योजना बनाई गई है और इसका टेंडर भी जारी किया जा चुका है। नपाध्यक्ष ने इस कार्य को प्राथमिकता से पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
नागरिकों को मिलेगा बेहतर पानी और स्वच्छ वातावरण नपाध्यक्ष नीतू परमार की सक्रियता से स्पष्ट है कि नगर में पेयजल आपूर्ति और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। आने वाले समय में इन प्रयासों का सीधा लाभ नागरिकों को बेहतर सुविधाओं और स्वच्छ वातावरण के रूप में मिलेगा।
——————————————————————————–

