विधायक चंद्रशेखर देशमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार के नेतृत्व में निकली रैली, जनप्रतिनिधियों और नगरवासियों ने बढ़ाया उत्साह,
मुलताई। पवित्र नगरी मुलताई में गुरुवार को विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। रैली में नगर के विभिन्न शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों के हजारों छात्र-छात्राओं ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर उत्साहपूर्वक भाग लिया। देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति के जोश से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। रैली का शुभारंभ कृषि उपज मंडी परिसर से विधायक चंद्रशेखर देशमुख एवं नगर पालिका अध्यक्ष नीतू परमार के नेतृत्व में किया गया। इसके बाद रैली नगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली।
इस दौरान छात्र-छात्राएं हाथों में तिरंगा लहराते हुए “भारत माता की जय” “वंदे मातरम्” और अन्य देशभक्ति के नारों का उद्घोष करते हुए आगे बढ़े। मार्ग में जगह-जगह मौजूद नागरिकों ने तालियों और जयघोष के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। रैली में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं नगरवासी भी शामिल हुए। सभी ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशभक्ति का संदेश देते हुए कार्यक्रम की सराहना की। इस अवसर पर विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है।
प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गर्व और समर्पण की भावना होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना को सशक्त बनाने के लिए अनेक जन-जागरूकता अभियान संचालित किए जा रहे हैं।

उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के जिम्मेदार नागरिक बनें तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं। विधायक ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ और तिरंगे का सम्मान केवल एक परंपरा नहीं, बल्कि देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। भव्य तिरंगा रैली ने पूरे नगर में राष्ट्रभक्ति का वातावरण निर्मित कर दिया। विद्यार्थियों के उत्साह, अनुशासन और जनसहभागिता ने कार्यक्रम को यादगार बना दिया।





