मुलताई। मुलताई में शिवपुरी जिले के करेरा में अधिवक्ता संजय कुमार सक्सेना की गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में मुलताई अधिवक्ता संघ ने प्रतिवाद दिवस मनाया।
अधिवक्ताओं ने सोमवार को न्यायालयीन कार्य का बहिष्कार किया। यह विरोध प्रदर्शन मध्यप्रदेश राज्य अधिवक्ता परिषद के आह्वान पर किया गया।
अधिवक्ता अनिल शर्मा ने बताया कि राज्य अधिवक्ता परिषद ने अधिसूचना जारी कर सभी जिला एवं तहसील अधिवक्ता संघों से विरोध दर्ज कराने का आह्वान किया था।

जबलपुर में आयोजित विशेष सामान्य सभा की बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर 16 फरवरी को न्यायालयीन कार्य से विरत रहने तथा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया था।
अधिवक्ता संघ मुलताई के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दोपहर 12 बजे अभिभाषक कक्ष में एकत्रित होकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम अनुविभागीय अधिकारी मुलताई के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, प्रदेश में लगातार हो रहे हमलों पर रोक लगाने तथा एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट को तत्काल लागू करने की मांग की गई।

अधिवक्ताओं ने मुलताई के अधिवक्ता संजीव कुमार झरबड़े के साथ 12 फरवरी की रात हुई आपराधिक घटना पर भी कड़ा विरोध जताते हुए आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की।
अधिवक्ता संघ मुलताई के अध्यक्ष सी.एस. चन्देल ने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो प्रदेशभर में आंदोलन तेज किया जाएगा।


