मुलताई-बैतूल मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पति-पत्नी समेत तीन की मौत,8 श्रद्धालु गंभीर घायल,

0

मुलताई। मुलताई-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर ग्राम भिलाई के समीप स्थित जीतू ढाबे के पास शनिवार तड़के करीब 3 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार पति-पत्नी समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग महाराष्ट्र के नागपुर के समीप बुट्टी बोरी क्षेत्र के कोल माइंस इलाके के निवासी बताए जा रहे हैं। सभी श्रद्धालु सीहोर स्थित कुबेरेश्वर धाम में दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम भिलाई के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आशंका जताई जा रही है कि देर रात यात्रा के दौरान चालक को झपकी आने के कारण सड़क किनारे खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसके पीछे जा घुसी। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

हादसे में 42 वर्षीय दीपक और उनकी 40 वर्षीय पत्नी छाया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीसरी मृतक महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। पुलिस द्वारा मृतकों की पहचान और घटना के अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

हादसे में घायल हुए लोगों में 10 वर्षीय नैतिक, 45 वर्षीय उज्ज्वला, 25 वर्षीय नीता, 18 वर्षीय अनुष्का, संगीता, शंभु, प्रज्ज्वल और 30 वर्षीय कार चालक सौरभ शामिल हैं। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल मुलताई के सरकारी अस्पताल लाया गया। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए सभी को बेहतर उपचार के लिए नागपुर रेफर किया गया।

चश्मदीदों के अनुसार कार और ट्रक के बीच टक्कर बेहद भीषण थी। दुर्घटना में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि अगला पहिया टूटकर अलग हो गया। कार की छत और आगे का हिस्सा भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाने की कार्रवाई की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि सड़क किनारे खड़े ट्रक की स्थिति क्या थी और दुर्घटना के समय कार की गति कितनी थी। हादसे के अन्य कारणों की भी जांच की जा रही है।

————————————————————————————–

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here