मुलताई पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद, आरोपी गिरफ्तार,

0

मुलताई (बैतूल)। मुलताई पुलिस को दोपहिया वाहन चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 10 चोरी के दोपहिया वाहन (9 मोटरसाइकिल एवं 1 स्कूटी) बरामद किए हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹6 लाख 60 हजार बताई जा रही है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना मुलताई पुलिस को देहात भ्रमण के दौरान एक विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम लेंडागोंदी निवासी पंकज पंवार अपने खेत स्थित भैंस के बाड़े में चोरी की कई मोटरसाइकिलें छिपाकर रखे हुए है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने पंचों के साथ मौके पर दबिश दी। दबिश के दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम पंकज पिता हीराचंद पंवार (31 वर्ष), निवासी लेंडागोंदी, थाना मुलताई, जिला बैतूल बताया।

आरोपी के भैंस बाड़े की तलाशी लेने पर कुल 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए, जिनमें 9 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी शामिल है। बरामद वाहनों की कुल अनुमानित कीमत ₹6,60,000/- है। आरोपी किसी भी वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका और न ही संतोषजनक जवाब दे पाया। प्रथम दृष्टया मामला अपराध का पाए जाने पर आरोपी के विरुद्ध इस्तगासा क्रमांक 02/2026 के तहत धारा 35(1)(ड) बी.एन.एस.एस. एवं 305(बी) बी.एन.एस. के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, उपनिरीक्षक सुनील सरयाम, सहायक उपनिरीक्षक एम.एल. गुप्ता, प्रधान आरक्षक दिनेश बरडे, आरक्षक गजराज, सत्येन्द्र पाल, आनंद वट्टी, शिवराज धाकड़, चालक आरक्षक सेवाराम पंवार एवं महिला आरक्षक मेघा धुर्वे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here