मुलताई। नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स की दुकानों से वसूली अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान कांग्रेस पार्षदों ने नगरपालिका अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर व्यापारियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित करने तथा बिना पूर्व सूचना दिए दुकानों पर तालाबंदी करने का आरोप लगाते हुए कड़ी नाराजगी जताई है।
शनिवार को नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहौरे, पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे एवं पार्षद निर्मला उबनारे ने बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान व्यापारियों ने कॉम्प्लेक्स की जर्जर स्थिति तथा नगरपालिका अधिकारियों के कथित दुर्व्यवहार की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी।
बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स की जर्जर हालत पर भी उठे सवाल,बिना सूचना दुकान पर लगाया ताला
व्यापारी तुषार उदासी ने बताया कि उनकी दुकान पर केवल वर्तमान वर्ष का किराया शेष है, जिसे वे हर वर्ष के अंत में एकमुश्त जमा करते हैं। इसके बावजूद शुक्रवार को बिना किसी पूर्व सूचना के उनकी दुकान पर नगरपालिका अधिकारियों द्वारा ताला लगा दिया गया, जिससे उन्हें मानसिक एवं आर्थिक रूप से परेशान होना पड़ा। जर्जर कॉम्प्लेक्स से दुर्घटना की आशंका व्यापारी मयंक पाठक, कृष्णा पंडागरे, भवानी शंकर पटेल सहित अन्य व्यापारियों ने बताया कि बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के कई हिस्से जर्जर अवस्था में हैं। समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो भविष्य में किसी भी बड़ी दुर्घटना से जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।

वसूली के नाम पर अपमान का आरोप
पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे ने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में नगरपालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी वसूली के नाम पर व्यापारियों को सार्वजनिक रूप से अपमानित कर रहे हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि इस पूरे मामले में चुप्पी साधे हुए हैं।नगरपालिका उपाध्यक्ष शिवकुमार माहौरे ने कहा कि बिना किसी पूर्व नोटिस के दुकानों पर तालाबंदी की कार्रवाई पूरी तरह गलत है। कांग्रेस के सभी जनप्रतिनिधि इस तरह की कार्रवाई का विरोध करेंगे और व्यापारियों के हित में आवाज उठाएंगे। किराया बढ़ाया, सुविधाएं शून्य : उबनारे
पार्षद निर्मला उबनारे ने कहा कि नगरपालिका द्वारा दुकानों का किराया मनमाने तरीके से बढ़ा दिया गया है, लेकिन इसके अनुरूप न तो कॉम्प्लेक्स की मरम्मत कराई जा रही है और न ही व्यापारियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।

परिषद बैठक में होगा विरोध प्रदर्शन कांग्रेस जनप्रतिनिधियों ने बताया कि 13 फरवरी को होने वाली नगरपालिका परिषद की बैठक में इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया जाएगा। बैठक में बिना नोटिस दुकानों पर तालाबंदी करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कार्रवाई, दुकानों का किराया कम करने तथा कॉम्प्लेक्स की शीघ्र मरम्मत की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कांग्रेस जनप्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस नेता रितेश शर्मा, आशीष सोनी, गोल्डी अग्रवाल सहित बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स के कई व्यापारी उपस्थित रहे।
इनका कहना-
नगर निकाय की वित्तीय स्थिति खराब है कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल पा रहा है । किराए की दुकानों का प्रतिमाह किराया जमा करने का प्रावधान है जिन लोगों ने तीन-तीन वर्षों तक किराया जमा नहीं किया उन्हें नोटिस क्यों दिया जाना चाहिए । राजनीति अलग है और संस्था की जरूरत अलग ,कर की वसूली नहीं होगी तो विकास कार्य कैसे होगे।
वीरेंद्र तिवारी
मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुलताई

