गेहूं-मक्का बेचने के बाद नहीं मिला भुगतान, कर्ज में डूबे किसानों ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार,
मुलताई क्षेत्र के ग्राम डहुआ में किसानों के साथ बड़े आर्थिक धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। फसल खरीदी के नाम पर करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर आरोपी फरार हो गया है। इस घटना से गांव के किसानों में आक्रोश और चिंता का माहौल बना हुआ है।फसल खरीदी के नाम पर ठगी प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम डहुआ के कई किसानों ने अपनी गेहूं और मक्का की फसल एक व्यक्ति को बेची थी। आरोपी ने किसानों को जल्द भुगतान करने का आश्वासन दिया था, लेकिन लंबे समय बीत जाने के बाद भी उन्हें उनकी मेहनत की कमाई नहीं मिल सकी।
किसानों का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति लगभग 20 लाख रुपये की राशि लेकर 25 मार्च 2026 को गांव छोड़कर फरार हो गया।
शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं पीड़ित किसानों ने बताया कि उन्होंने इस मामले की शिकायत पहले ही थाना मुलताई में दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। प्रशासन की इस निष्क्रियता से किसानों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

कर्ज के बोझ तले दबे किसान,किसानों का कहना है कि इस धोखाधड़ी के चलते वे आर्थिक और मानसिक रूप से परेशान हो चुके हैं। कई किसानों ने फसल उत्पादन के लिए कर्ज लिया था, जिसे चुकाने का दबाव अब उन पर लगातार बढ़ रहा है। प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
पीड़ित किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ जल्द से जल्द सख्त कार्रवाई की जाए और उनकी बकाया राशि दिलाई जाए, ताकि वे इस संकट से उबर सकें। आंदोलन की चेतावनी गांव के किसानों ने चेतावनी दी है कि यदि उन्हें जल्द न्याय नहीं मिला, तो वे मजबूर होकर बड़ा आंदोलन करेंगे।

