चिचंडा बस स्टॉप के पास देर रात हुआ हादसा, टायर बदलते समय चपेट में आए लोग
मुलताई/नागपुर नेशनल हाईवे-47 पर शुक्रवार रात करीब 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चिचंडा बस स्टॉप के पास हुई इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार , भूसे से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़क किनारे खड़ी थी। ट्रॉली का टायर बदला जा रहा था और पास में खड़े लोग पानी पी रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहा एक दुग्ध वाहन चालक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली से जा टकराया।
भीषण टक्कर से पलटी ट्रॉली, लोग दबे
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और उसके आसपास मौजूद लोग उसकी चपेट में आ गए। हादसे में चिरौंजी उइके, ऊदल बरखेड़े और बाबूलाल उइके सहित चार लोग घायल हो गए। अस्पताल में एक को मृत घोषित किया गया
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल मुलताई के शासकीय अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद खेड़ीदेवनाला निवासी रामदेव पिता रामलाल उइके को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया,
हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। आक्रोशित ग्रामीणों ने दुग्ध वाहन के चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन अत्यधिक तेज गति में था, जिससे चालक नियंत्रण खो बैठा और दुर्घटना हो गई। पुलिस जांच में जुटी, मर्ग कायम पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम मुलताई के शासकीय अस्पताल में कराया गया। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
—————————————————————————————-

