मुलताई पुलिस की बड़ी सफलता: वृद्ध महिला की हत्या के दोनों आरोपी गिरफ्तार
मुलताई। दो वर्ष पूर्व नवोदय विद्यालय पट्टन रोड पर मिले अज्ञात महिला के शव के मामले में मुलताई पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। जांच में सामने आया कि एक मामूली विवाद, जो कॉलर पकड़ने से शुरू हुआ, ने हत्या जैसी गंभीर घटना का रूप ले लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार फरियादी एजाज अंसारी (40), निवासी प्रभात पट्टन ने सूचना दी थी कि नवोदय विद्यालय रोड किनारे एक अज्ञात महिला का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी पट्टन एवं मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। मृतिका की उम्र लगभग 62 वर्ष पाई गई, जिसके शरीर पर चोटों के निशान और गले पर रस्सी के फंदे (लिगेचर मार्क) के संकेत मिले।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सीन ऑफ क्राइम टीम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी ने डॉग स्क्वॉड के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का पाए जाने पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 735/24 धारा 103(1), 238 बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मृतिका की पहचान सरूबाई बोहरपी, निवासी ग्राम देवगांव के रूप में हुई। संदेह के आधार पर सुनील बोहरपी से पूछताछ की गई, जिसने अपराध स्वीकार करते हुए अपने साथी अविनाश गाठे का नाम भी बताया।

ऐसे हुआ था पूरा घटनाक्रम
वर्ष 2024 में आरोपी सुनील बोहरपी ने ग्राम देवगांव में एक मकान खरीदा था, जिसे लेकर पैसों का विवाद चल रहा था। उसी क्षेत्र में मृतिका सरूबाई बोहरपी भी रहने लगी थी, जिससे आरोपी का पहले से विवाद था। 21 अक्टूबर 2024 को आरोपी के घर में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित था। इसी दौरान आरोपी की मां ने सरूबाई को भोजन के लिए बुलाया, लेकिन वह विवाद करने लगी। बाद में आरोपी स्वयं उसे बुलाने गया, जहां दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई।

विवाद के दौरान सरूबाई ने आरोपी का कॉलर पकड़ लिया, जिससे गुस्से में आकर आरोपी ने उसे जोर से धक्का दे दिया। धक्का लगने से उसका सिर दीवार से टकराया और वह बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या छिपाने के लिए आरोपी ने अपने सहयोगी अविनाश गाठे को बुलाया। दोनों ने शव को काले कपड़े में लपेटकर मोटरसाइकिल से जंगल में ठिकाने लगाने का प्रयास किया। रास्ते में वाहन की रोशनी देखकर अविनाश डर गया और भाग निकला, जिससे शव सड़क पर गिर गया।
इसके बाद आरोपी ने शव को रस्सी से बांधकर घसीटने की कोशिश की, लेकिन सामने से वाहन आते देख वह शव को नवोदय विद्यालय रोड किनारे छोड़कर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी
सुनील बोहरपी (38), निवासी ग्राम देवगांव
अविनाश गाठे (28), निवासी ग्राम देवगांव
जब्त सामग्री
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (GJ 05 AU 6058)
अन्य साक्ष्य सामग्री
पुलिस टीम का सराहनीय योगदान
इस कार्रवाई में एसडीओपी एस.के. सिंह, थाना प्रभारी निरीक्षक नरेन्द्र सिंह परिहार, निरीक्षक आबिद अंसारी (सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट) सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

