8 एमसीएम क्षमता के अनुरूप डैम का संचालन करने पर जोर, पारसडोह बांध की जर्जर सड़क और पुलिया निर्माण के लिए एस्टीमेट बनाने के निर्देश,
मुलताई। जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मुलताई विकासखंड के ग्राम लिहदा पहुंचकर डैम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने डैम की जल संग्रहण क्षमता, वर्तमान स्थिति और जल उपयोग की संभावनाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने डैम से पानी लिफ्ट कर आमला नगरपालिका क्षेत्र में पहुंचाने की संभावनाओं को देखते हुए नगरपालिका को सर्वे कराने तथा द्वारका नगरी योजना के तहत कार्य प्रस्तावित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि डैम का संचालन उसकी 8 एमसीएम की पूर्ण जल संग्रहण क्षमता के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए, ताकि उपलब्ध जल संसाधन का बेहतर उपयोग हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों और किसानों से चर्चा कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। भाजपा नेता प्रमोद धोटे ने पारसडोह बांध से जुड़ी गौला से बिसनूर तक की जर्जर सड़क की समस्या से कलेक्टर को अवगत कराया। वहीं तावला के किसानों ने गन्ने की फसल की सिंचाई के लिए प्रत्येक 15 दिन में पानी उपलब्ध कराने की मांग रखी।

ग्रामीणों ने पुलिया निर्माण और पारसडोह डैम की जर्जर सड़क की समस्या भी उठाई। इस पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को दोनों कार्यों के लिए शीघ्र एस्टीमेट तैयार करने तथा सड़क का रिनोवेशन कराने के निर्देश दिए। किसानों द्वारा गन्ने की फसल के लिए लिहदा डैम से पानी उपलब्ध कराने की मांग पर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए कहा। आमला नगर पालिका के सब इंजीनियर योगेश अनेराव ने बताया कि आमला की पेयजल समस्या के स्थाई समाधान के लिए लीहदा बांध से पानी लिफ्ट कर आमला में ले जाना है इसके लिए जिला कलेक्टर ने सर्वे कर डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए हैं ।

केदारखेड़ा में सिरपुर मॉडल के कार्यों की गुणवत्ता पर जताई नाराजगी
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने आमला जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत रंभाखेड़ी के ग्राम केदारखेड़ा में जल संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने के उद्देश्य से प्रगतिरत सिरपुर मॉडल के कार्यों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान निर्धारित मापदंडों के अनुरूप कार्य नहीं पाए जाने पर उन्होंने सहायक यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के प्रति नाराजगी जाहिर की।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिरपुर मॉडल के अंतर्गत जल संरचनाओं का निर्माण निर्धारित मापदंडों के अनुसार पर्याप्त चौड़ाई और गहराई के साथ किया जाए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संग्रहण हो सके और भूजल स्तर का प्रभावी पुनर्भरण हो। उन्होंने जल संरक्षण को और प्रभावी बनाने के लिए अन्य चेकडैम सहित विभिन्न जल संरचनाओं के निर्माण के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने जनपद पंचायत आमला के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के कार्य केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इनका वास्तविक लाभ भूजल स्तर में वृद्धि और किसानों को सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता के रूप में धरातल पर दिखाई देना चाहिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम आमला कामिनी ठाकुर, जनपद पंचायत सीईओ पंकज धरोतिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

