संदीपनी विद्यालय के लिए गौरव का क्षण,मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया में मिली सफलता, विद्यालय के तीन शिक्षकों का चयन होने से शिक्षा जगत में खुशी का माहौल,
मुलताई। मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के माध्यम से मुलताई निवासी मोहित श्रीवास्तव का असिस्टेंट प्रोफेसर (गणित) के पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, परिचितों और शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। मोहित श्रीवास्तव वर्तमान में मुलताई के संदीपनी विद्यालय में पिछले तीन वर्षों से प्राथमिक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। अब असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन होने से उन्होंने एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। मोहित श्रीवास्तव के पिता मनोज श्रीवास्तव एवं माता ज्योत्सना श्रीवास्तव मुलताई निवासी हैं। दोनों ही शिक्षा विभाग में लेक्चरर के पद पर कार्यरत हैं। शिक्षा के क्षेत्र से जुड़े परिवार में मोहित की इस सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
संदीपनी विद्यालय के तीन शिक्षकों का चयन, प्राचार्य ने जताई खुशी
संदीपनी विद्यालय, मुलताई के प्राचार्य संदीप गणेशे ने बताया कि विद्यालय के लिए यह अत्यंत प्रसन्नता और गौरव का विषय है कि इस वर्ष विद्यालय में कार्यरत तीन शिक्षकों का मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया के माध्यम से चयन हुआ है। उन्होंने बताया कि मोहित श्रीवास्तव का चयन असिस्टेंट प्रोफेसर (गणित) के पद पर हुआ है। वहीं, रेणुका सिंह, जो विद्यालय में माध्यमिक शिक्षक के रूप में कार्यरत थीं, का भी चयन हुआ है। इसके अलावा कृति सलामे का चयन हुआ है वह संदापनी विद्यालय में उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद पर पदस्थ थी ।प्राचार्य के अनुसार, कृति सलामे की जॉइनिंग लगभग एक माह पहले ही हो चुकी है, जबकि मोहित श्रीवास्तव और रेणुका सिंह के जॉइनिंग लेटर आने शेष हैं।

शिक्षकों ने दी बधाई और शुभकामनाएं
विद्यालय के तीन शिक्षकों का चयन होना संदीपनी विद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे विद्यालय परिवार में खुशी का वातावरण है। प्राचार्य संदीप गणेशे सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकों ने मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग की चयन प्रक्रिया में सफल हुए शिक्षकों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षा के क्षेत्र में कार्यरत रहते हुए प्रतियोगी चयन प्रक्रिया में सफलता हासिल करना अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक है। मोहित श्रीवास्तव के असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर चयन से मुलताई का नाम भी गौरवान्वित हुआ है।


