शीतला माता मंदिर एवं जैन मंदिर मार्ग की सड़कें बदहाल, सीमेंट सड़कें भी पहली बारिश में उखड़ीं; ठेकेदारों के भुगतान पर रोक लगाने की मांग,
मुलताई। नगर में नगरपालिका द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। शीतला माता मंदिर मार्ग एवं जैन मंदिर मार्ग पर हाल ही में बिछाई गई पेविंग टाइल्स अल्प समय में ही उखड़ने लगी हैं। इस मामले को लेकर विवेकानंद वार्ड की पार्षद अंजलि सुमित शिवहरे ने नाराजगी व्यक्त करते हुए नगरपालिका पर गुणवत्ताहीन निर्माण कार्य कराने का आरोप लगाया है।
पार्षद अंजलि शिवहरे ने दोनों मार्गों पर उखड़ी हुई पेविंग टाइल्स की तस्वीरें साझा कर निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि नगर में विभिन्न वार्डों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों द्वारा लगातार शिकायतें की जा रही हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा उन शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इसी का परिणाम है कि ठेकेदार अधिकारियों से कथित सांठगांठ कर बेखौफ तरीके से घटिया निर्माण कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कुछ माह पूर्व ही शीतला माता मंदिर एवं जैन मंदिर मार्ग पर बिछाई गई पेविंग टाइल्स उखड़ने की शिकायत नगरपालिका को की गई थी, लेकिन आज तक न तो दोषपूर्ण कार्य की जांच कराई गई और न ही सड़क की समुचित मरम्मत कराई गई। इससे स्थानीय नागरिकों एवं श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पहली बारिश भी नहीं झेल सकीं सीमेंट सड़कें,
पार्षद अंजलि शिवहरे ने आरोप लगाया कि नगर के विभिन्न वार्डों में विभिन्न योजनाओं के तहत हाल ही में निर्मित कई सीमेंट सड़कें भी पहली ही बारिश में अपनी गुणवत्ता खो बैठीं। सड़कों की सतह से सीमेंट की परत उखड़ने लगी है, जिससे कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं।

ठेकेदारों का भुगतान रोकने और जिम्मेदारी तय करने की मांग,
पार्षद अंजलि शिवहरे ने नगरपालिका अध्यक्ष से मांग की है कि जिन निर्माण कार्यों में गुणवत्ता संबंधी शिकायतें सामने आई हैं, उनकी निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए। साथ ही दोषी ठेकेदारों का भुगतान तत्काल रोका जाए तथा लापरवाही बरतने वाले संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाए। उनका कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनियमितता या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाना चाहिए।

इनका कहना,
नगरपालिका के उपयंत्री महेश शर्मा ने बताया कि बारिश के दौरान छतों से गिरने वाले पानी के कारण कुछ स्थानों पर पेविंग टाइल्स के नीचे का बेस बह गया, जिससे टाइल्स ऊपर उठ गई हैं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है और टाइल्स को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। नगर पालिका द्वारा उखड़ी हुई टाइल्स को दोबारा व्यवस्थित तरीके से फिक्स कर दिया जाएगा।
— महेश शर्मा
उपयंत्री, नगर पालिका परिषद, मुलताई



