प्रकाश सूर्यवंशी दुनावा
पीएम श्री विद्यालय से प्रारंभ होकर अमर शहीद नवल किशोर परते स्मारक पर हुआ समापन, देशभक्ति के नारों से गूंजा पूरा गांव,
मुलताई। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को ग्राम दुनावा में विशाल तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। लगभग एक किलोमीटर लंबी इस रैली में स्कूली छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस प्रशासन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल देखने को मिला और तिरंगे की शान में लगाए गए नारों से गांव गुंजायमान हो उठा।
तिरंगा रैली का शुभारंभ पीएम श्री विद्यालय परिसर से हुआ। इसके बाद रैली गांव के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा एवं तिरंगा लहराकर रैली का स्वागत किया। प्रतिभागियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर भारत माता की जय, वंदे मातरम् और अन्य देशभक्ति के उद्घोष लगाए।

रैली का समापन अमर शहीद नवल किशोर परते स्मारक पर हुआ, जहां शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं देशभक्ति का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कंचन महेंद्र कास्लेकर, सरजेराव बवाड़े, अमित ढोले, राकेश बिहारे, ओमकार टिटारे, कन्हैया रघुवंशी,
मनोज कास्लेकर, रंजीत टिटारे, कोमल सिंह रघुवंशी, अरुण शिवहरे, उत्तम बोड़खे, चंद्रशेखर कास्लेकर, महेंद्र कास्लेकर, शेरू सहित मंडल के वरिष्ठ कार्यकर्ता, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष, बूथ महामंत्री, जनपद सदस्य, सरपंच, सामाजिक कार्यकर्ता, पुलिस प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रबल करना तथा राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और गौरव की भावना जागृत करना रहा। आयोजन में ग्रामीणों और विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बनता था, जिसने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।




