पुलिस प्रशासन और खिलाड़ियों ने मिलकर दिया नशामुक्ति, साइबर सुरक्षा व यातायात नियमों के पालन का संदेश,
मुलताई। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा स्थानीय विकासखंड में आयोजित किए जा रहे ‘आरोह-2026’ ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में इस सप्ताह खेल गतिविधियों के साथ सामाजिक जागरूकता का भी अनूठा संगम देखने को मिला। शिविर के अंतर्गत आयोजित विशेष कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन और युवा खिलाड़ियों ने मिलकर समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया। कार्यक्रम में बच्चों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन और नशामुक्ति के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मुलताई थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह परिहार तथा प्रधान आरक्षक सुनील पंद्राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए उन्हें अनुशासित जीवन, सामाजिक जिम्मेदारियों और कानून के प्रति जागरूक रहने की प्रेरणा दी।
खिलाड़ियों ने ली नशामुक्ति की शपथ साइबर अपराधों से सतर्क रहने की दी गई सीख

शिविर के दौरान पुलिस विभाग के समन्वय से खिलाड़ी बच्चों के माध्यम से शहर में बढ़ते साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने का अभियान चलाया गया। बच्चों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने जैसी साइबर धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने की अपील की गई।
इस अवसर पर सभी खिलाड़ियों एवं उपस्थित नागरिकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। पुलिस प्रशासन ने युवाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और समाज में भी इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने में योगदान दें। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने में नागरिकों की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है।

थाना प्रभारी ने मैदान में दिखाया खेल सॉफ्टबॉल खेलकर बच्चों का बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक क्षण तब देखने को मिला जब थाना प्रभारी श्री नरेन्द्र सिंह परिहार स्वयं मैदान में उतर आए और खिलाड़ियों के साथ सॉफ्टबॉल खेल का आनंद लिया। उन्होंने बच्चों के साथ खेल की बारीकियों को समझा और उत्साहपूर्वक खेल में भागीदारी निभाई। पुलिस अधिकारी का यह सहज और मित्रवत व्यवहार देखकर नन्हे खिलाड़ियों का उत्साह दोगुना हो गया।

थाना प्रभारी श्री परिहार ने कहा कि—“खेल हमें केवल शारीरिक रूप से मजबूत नहीं बनाते, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और जिम्मेदारी का भी पाठ पढ़ाते हैं। यही गुण हमें एक बेहतर नागरिक बनने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने की प्रेरणा देते हैं।”
बड़ी संख्या में मौजूद रहे खिलाड़ी एवं अभिभावक इस गरिमामयी आयोजन में पुलिस विभाग से मुलताई थाना स्टाफ, प्रिंस अहिरवार, विवेक चौरे, राजेंद्र खवसे, जगदीश पाटिल, साइबर सेल प्रभारी तथा यातायात प्रभारी उपस्थित रहे।
वहीं खेल विभाग की ओर से विकासखंड युवा समन्वयक हेमन्त विश्वकर्मा, जिला कार्यालय प्रतिनिधि श्री मनीष शर्मा, सॉफ्टबॉल प्रशिक्षक अमित कुमार एवं जितेश पवार, बास्केटबॉल प्रशिक्षक सचिन पाल सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, अभिभावक और खेल प्रेमी मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में खिलाड़ियों ने समाजहित में ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर आयोजित किए जाने की आवश्यकता बताई। आयोजन ने यह संदेश दिया कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त मंच है।

