प्रभावित गांवों में पहुंचकर लिया नुकसान का जायजा, अधिकारियों को शीघ्र सर्वे और राहत वितरण के निर्देश
मुलताई। संभागायुक्त कृष्ण गोपाल तिवारी ने सोमवार को मुलताई क्षेत्र के ओलावृष्टि प्रभावित गांवों का दौरा कर फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया। उन्होंने खेतों में पहुंचकर गेहूं, गोभी, चना, टमाटर सहित अन्य फसलों की स्थिति का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन, एसडीएम राजीव कहार, उप संचालक कृषि आनंद कुमार बड़ोनिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
संभागायुक्त तिवारी ने ग्राम सेमझिरा, जमबाड़ी एवं धारणी का भ्रमण कर फसल क्षति का वास्तविक आकलन किया। उन्होंने बताया कि प्रशासन द्वारा गठित सर्वे दल सूक्ष्मता से नुकसान का सर्वे कर रहे हैं, जिसे शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि सभी प्रभावित किसानों को शासन की ओर से नियमानुसार राहत राशि प्रदान की जाएगी।

उन्होंने मौके पर मौजूद बीमा कंपनी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि फसल नुकसान का समय पर पोर्टल में पंजीयन सुनिश्चित किया जाए और बीमा दावा प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सर्वे कार्य में कोई भी प्रभावित किसान छूटना नहीं चाहिए।

नल-जल योजना की भी ली जानकारी
संभागायुक्त ने ग्राम सेमझिरा में नल-जल योजना के क्रियान्वयन की समीक्षा की। ग्रामीणों ने जल संकट न होने की जानकारी दी, जिस पर उन्होंने दीर्घकालीन जल प्रबंधन की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।आंगनवाड़ी केंद्र का निरीक्षण– दौरे के दौरान उन्होंने सेमझिरा स्थित आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। यहां उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पोषण आहार वितरण और केंद्र संचालन की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि गर्भवती महिलाओं और बच्चों को नियमित रूप से पोषण आहार उपलब्ध कराया जाए तथा केंद्र समय पर संचालित हों।

