मुलताई- मध्य प्रदेश संस्कृति विभाग भोपाल के तत्वाधान में आयोजित दो दिवसीय ताप्ती जन्मोत्सव का आज आरंभ लोकनृत्य, लोकनाट्य, लोकगायन एवं सुगम संगीत के साथ हाई स्कूल ग्राउंड पर हो गया है।
कार्यक्रम का आरंभ पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे, सांसद डी डी उइके, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ,नगर पालिका अध्यक्ष नीतू प्रह्लाद परमार ने मां ताप्ती के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। विधायक सुखदेव पांसे ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि ताप्ती महोत्सव और भी व्यापक रूप मे हो सके इसके प्रयास किए जाने चाहिए। कार्यक्रम को सांसद डी डी उइके ने भी संबोधित किया। ताप्ती महोत्सव मे जो प्रस्तुतियां हुई उनमें पूजा श्रीवास्तव, (सागर)अखाड़ा लोकनृत्य,समप्रिया पूजा निषाद (छत्तीसगढ़) ज्वारा राऊत नृत्य, इन्टलेकुअल वेलफेयर एण्ड आर्ट सोसायटी, (हरदा) भगवद्जुकम लोकनाट्य, मणिदेव ठाकुर (सागर) बुन्देली गायन, इशिता विश्वकर्मा एवं ग्रुप(मुम्बई) सुगम संगीत की प्रस्तुतियां मन मोहने वाली है।

स्थानीय प्रशासन ने नहीं दिखाई रुचि
प्रतिवर्ष ताप्ती जन्मोत्सव तीन दिवसीय मनाया जाता था जिसे घटाकर दो दिवसीय कर दिया गया और 1 दिन कम करने के साथ ही ख्याति नाम गायक शब्बीर कुमार की प्रस्तुति को भी कार्यक्रम से हटा दिया गया, जोकि कार्यक्रम का आकर्षण था। जिससे नागरिकों में उत्साह का अभाव दिखाई दिया। राजा पवार ने कहा कि प्रशासन से कुछ गलतियां हुई है। इसी कारण महोत्सव 3 दिन नहीं हो सका है। इस बार ताप्ती महोत्सव को लेकर स्थानीय नगर प्रशासन भी गंभीर दिखाई नहीं दिया। ना ही मां ताप्ती जन्मोत्सव का प्रचार-प्रसार किया गया बल्कि आमंत्रण पत्र भी नही वितरण किए है, यहां तक कि पत्रकारों को सूचना तक नहीं दी गई। यही कारण है कि ताप्ती महोत्सव में कुर्सियां खाली रही और लोगों की संख्या कम रही।

अखिल भारतीय कवि सम्मेलन 14 जनवरी को
ताप्ती महोत्सव के दूसरे दिन 14 जनवरी को ताप्ती जन्मोत्सव का आरंभ कबीर गायन के साथ होगा। इसके उपरांत प्रीति तिवारी (भोपाल),श्रीराम आधारित नृत्य नाटिका मानसिंह भौंदिया (देवास) अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके बाद अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आरंभ होगा। जिसमें बलराम श्रीवास्तव, धमचक मुल्तानी, अशोक भाटी, कमलेश शर्मा,प्रतीक चौहान एवं सलोनी राना आदि कविता पाठ करेंगे।