हाईटेक लाइब्रेरी को व्यापारियों ने भेंट की प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें,

0

मुलताई। नगर की एकमात्र शासकीय हाईटेक लाइब्रेरी में नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से प्रतिदिन सौ से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययन एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पहुंचते हैं। लाइब्रेरी की स्थापना के समय जो पुस्तकें उपलब्ध कराई गई थीं, उसके बाद लंबे समय से नई पुस्तकों की संख्या में वृद्धि नहीं हुई। इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।

जब यह समस्या नगर के व्यापारियों संदीप सोनी, ओमप्रकाश अग्रवाल एवं सुमित शिवहरे को ज्ञात हुई, तो उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा के लिए अपने स्तर पर पुस्तकें भेंट करने का निर्णय लिया। सोमवार को पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव , उपस्थिति में लाइब्रेरी पहुंचकर पुस्तकें लाइब्रेरियन को सौंपी गईं।
व्यापारी संदीप सोनी ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले होनहार छात्र-छात्राएं पर्याप्त पुस्तकों के अभाव में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी नहीं कर पा रहे थे। विद्यार्थियों की समस्या को समझते हुए पुस्तकें उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।

व्यापारी सुमित शिवहरे ने जानकारी दी कि इस लाइब्रेरी से अध्ययन कर अब तक 50 से अधिक छात्र-छात्राएं शासकीय सेवाओं में चयनित हो चुके हैं। विद्यार्थियों की मांग के अनुसार एसएससी, एमपीपीएससी, यूपीएससी, रेलवे, नीट एवं जेईई जैसी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 40 से अधिक उपयोगी पुस्तकें लाइब्रेरी को भेंट की गई हैं।कार्यक्रम के दौरान यूजीसी-नेट परीक्षा में ऑल इंडिया स्तर पर दसवीं रैंक प्राप्त करने वाले लाइब्रेरी के छात्र लोकेश सेवतकर को सुखदेव पांसे द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव ने छात्रों की सुविधा के लिए एक कूलर उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं ने पुस्तकें भेंट करने पर व्यापारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here