जैकेट से हुई पहचान, नाले में फेंक दिया गया था शव, विशेष जांच दल गठित
मुलताई (जिला बैतूल)।थाना मुलताई क्षेत्र अंतर्गत ग्राम हरदौली में श्मशान घाट के पास नाले में मिले अज्ञात शव की गुत्थी सुलझ गई है। पुलिस जांच में मृतक की पहचान 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल, छिंदवाड़ा के जवान आर.एस. सरयाम, निवासी छिंदवाड़ा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जवान की पत्थर से सिर पर वार कर हत्या की गई और शव को नाले में फेंक दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार 30 जनवरी 2026 को थाना मुलताई को सूचना मिली थी कि ग्राम हरदौली के श्मशान घाट के किनारे नाले में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मुलताई नरेंद्र सिंह परिहार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध पाए जाने पर क्षेत्र को सुरक्षित कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया गया।

पुलिस अधीक्षक बैतूल के निर्देश एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में सीन ऑफ क्राइम एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया। मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि मृतक के सिर पर पत्थर से गंभीर चोट पहुंचाई गई थी, जिससे उसकी मौत हुई। इसके बाद शव को नाले में फेंक दिया गया।

स्थानीय नागरिकों से मृतक की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन सफलता नहीं मिली। मृतक के पास पुलिस जैकेट, पैंट और टोपी होने के कारण उसके पुलिस विभाग से संबंधित होने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस द्वारा मृतक के फोटो सोशल मीडिया एवं पुलिस विभाग से जुड़े ग्रुपों में साझा किए गए।

इन प्रयासों के परिणामस्वरूप मृतक की पहचान 8वीं बटालियन विशेष सशस्त्र बल के जवान आर.एस. सरयाम के रूप में हुई। बताया गया है कि वह वर्तमान में ई कंपनी, उमरिया में पदस्थ था और 6 जनवरी 2026 को अवकाश पर आया था। इसके बाद वह ड्यूटी पर वापस नहीं लौटा था।

पुलिस ने मामले को हत्या का प्रकरण मानते हुए थाना मुलताई में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा विशेष जांच दल का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि शीघ्र ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

