रिश्तों का कत्ल: हत्यारी बहू गिरफ्तार, सास की मौत से सनसनी,

0

मुलताई। घरेलू विवाद किस हद तक भयावह रूप ले सकता है, इसका ताजा उदाहरण मुलताई क्षेत्र में सामने आया है। पारिवारिक कलह के चलते एक बहू ने अपनी ही सास पर लकड़ी से हमला कर दिया, जिससे गंभीर रूप से घायल 82 वर्षीय वृद्धा की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य लोग भी घायल हुए हैं। पुलिस ने आरोपी बहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादिया शारदा पति शिवराम चिकाने (उम्र 55 वर्ष), निवासी ग्राम पिपरिया, थाना मुलताई ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि घटना वाले दिन सुबह लगभग 9 बजे आरोपी रश्मि पति रामेश्वर चिकाने (उम्र 47 वर्ष) उनके घर के सामने आई और बिना किसी ठोस कारण के लकड़ी से उनके सिर पर हमला कर दिया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

फरियादिया के अनुसार, आरोपी ने इससे पहले अपनी सास प्रमिला बाई चिकाने (उम्र 82 वर्ष) के साथ भी मारपीट की थी। हमले में प्रमिला बाई को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें पहले मुलताई अस्पताल और बाद में गंभीर हालत में एम्स अस्पताल भोपाल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। इस हिंसक घटना में दिनेश पाठेकर एवं कलश पाठेकर भी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 115/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2) एवं 351(3) में प्रकरण दर्ज किया गया था। बाद में मर्ग जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि प्रमिला बाई की मृत्यु मारपीट में आई चोटों के कारण हुई है। इसके आधार पर मामले में धारा 103(1) बीएनएस (हत्या) भी जोड़ी गई। थाना मुलताई पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया और घटना में प्रयुक्त लकड़ी (आलाजरब) भी जब्त कर ली। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here