मुलताई में बड़ी चोरी: भाजपा नेता के कार्यालय सहित चार दुकानों के ताले टूटे, 50 हजार नकद पार,

0

मुलताई | शहर में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। नागपुर रोड स्थित भाजपा नेता नमन अग्रवाल के मुख्य कार्यालय सहित आसपास की चार दुकानों के ताले अज्ञात चोरों ने तोड़ दिए। चोर कार्यालय से करीब 50 हजार रुपये नगद सहित अन्य दुकानों से भी नकदी लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नागपुर रोड पर स्थित भाजपा नेता नमन अग्रवाल के कार्यालय और उसके आसपास की दुकानों में देर रात अज्ञात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने सबसे पहले दुकानों के ताले तोड़े और अंदर घुसकर वहां रखी नगदी पर हाथ साफ कर दिया। भाजपा नेता के कार्यालय से करीब 50 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा आसपास की अन्य दुकानों से भी नगदी चोरी होने की बात कही जा रही है।

सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानों पर पहुंचे तो ताले टूटे हुए देखकर हैरान रह गए। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही मुलताई पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालना शुरू कर दिया है। बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति कार्यालय के अंदर घुसते हुए दिखाई दे रहा है। हालांकि उसने अपने चेहरे को गमछा और टोपी से ढक रखा था, जिससे उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पा रही है। आरोपी कार्यालय के अंदर घुसकर अलमारी और दराज की तलाशी लेने के बाद नगदी लेकर फरार हो गया।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा। इधर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here