बीते पखवाड़े में 100 से ज्यादा लोग बने शिकार, बच्चों पर हमले से शहर में दहशत,
मुलताई। नगर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और हालात अब चिंताजनक स्तर पर पहुँच चुके हैं। शनिवार सुबह से देर शाम तक नगर के विभिन्न इलाकों में आवारा कुत्तों के हमलों से दहशत का माहौल बना रहा। एक ही दिन में 20 से अधिक लोग कुत्तों के काटने से घायल होकर शासकीय अस्पताल पहुँचे, जिससे स्वास्थ्य विभाग पर भी दबाव बढ़ गया है।
पखवाड़े में 100 से अधिक लोग घायल
जानकारी के अनुसार बीते करीब पंद्रह दिनों में कुत्तों के काटने से घायल होने वाले लोगों की संख्या एक सैकड़ा के पार पहुँच चुकी है। यह आंकड़ा नगर में बढ़ते खतरे की गंभीरता को दर्शाता है। पीड़ितों में महिलाएं, बुजुर्गों के साथ-साथ छोटे बच्चे भी शामिल हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है।
बच्चों को बना रहे निशाना, एक बच्ची की हालत गंभीर

चिंताजनक पहलू यह है कि आवारा और कथित पागल कुत्ते छोटे बच्चों को लगातार निशाना बना रहे हैं। कुत्तों के हमले में घायल एक नाबालिग बच्ची की हालत गंभीर होने पर उसे बैतूल जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। इस घटना के बाद से शहर में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

बढ़ती संख्या, कुत्तों के बच्चे भी बना रहे शिकार
नगर में आवारा कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बड़े कुत्तों के साथ-साथ कुत्तों के बच्चे भी राहगीरों और बच्चों पर हमला कर रहे हैं। सुबह-शाम स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों में खासा डर देखा जा रहा है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष ने की ठोस कार्रवाई की मांग
आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को देखते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष गणेश साहू ने एसडीएम से मुलाकात कर इस मामले में शीघ्र और ठोस कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो स्थिति और भयावह हो सकती है। नगर पालिका व प्रशासन पर उठे सवाल लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद नगर में आवारा कुत्तों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से नागरिकों में नगर पालिका और प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द ठोस कार्ययोजना बनाकर आवारा कुत्तों को पकड़ने, नसबंदी और अन्य आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि आमजन विशेषकर बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।


