मुलताई।भारतीय जनता पार्टी जिला संगठन द्वारा संचालित आजीवन सदस्यता निधि अभियान के अंतर्गत नगर मंडल मुलताई में संगठनात्मक ढांचे को मजबूती प्रदान करते हुए महत्वपूर्ण नियुक्तियाँ की गई हैं। भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार द्वारा नगर मंडल अध्यक्ष गणेश साहू की सहमति से उपेंद्र पाठक को संयोजक एवं निलेश चावरिया को सहसंयोजक के पद पर मनोनीत किया गया है।
————————————————————————————————————-
इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा मीडिया प्रभारी रामचरण मालवीय ने बताया कि संगठन को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने, कार्यकर्ताओं की भागीदारी बढ़ाने तथा संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने के उद्देश्य से यह मनोनयन किया गया है। आजीवन सदस्यता निधि अभियान भाजपा का एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक अभियान है, जिसके माध्यम से पार्टी की वैचारिक मजबूती के साथ-साथ संगठनात्मक संसाधनों का विस्तार किया जाता है।
जिला संगठन नेतृत्व ने दोनों पदाधिकारियों को दायित्व सौंपते हुए अपेक्षा व्यक्त की है कि उनके अनुभव, निष्ठा, संगठन के प्रति समर्पण और सक्रिय कार्यशैली से नगर मंडल मुलताई में संगठन को नई ऊर्जा प्राप्त होगी। साथ ही अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिकों को भाजपा की विचारधारा से जोड़ते हुए संगठन विस्तार को नई दिशा मिलेगी।

नवनियुक्त संयोजक उपेंद्र पाठक ने संगठन नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण भाव से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आजीवन सदस्यता निधि अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक लोग संगठन से जुड़ सकें।
इन नियुक्तियों के बाद नगर मंडल मुलताई के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं ईष्ट-मित्रों द्वारा दोनों नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ दी गईं। कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा गया तथा संगठन विस्तार को लेकर सकारात्मक वातावरण निर्मित हुआ है।

