नियमों के उल्लंघन और तीन गुना टैक्स वसूली का आरोप; कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी
मुलताई। नगर पालिका द्वारा बस स्टैंड परिसर की दुकानों को सील किए जाने के विरोध में ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इसके बाद जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) मुलताई को सौंपा गया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अरुण यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य संजय यादव, कांग्रेस नेता प्रहलाद ठाकुर एवं युवा कांग्रेस अध्यक्ष लोकेश यादव के नेतृत्व में
सौंपे गए ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि नगर पालिका द्वारा नियमों को दरकिनार कर दुकानों की तालाबंदी की गई है। ज्ञापन में संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि बस स्टैंड कॉम्प्लेक्स की दुकानों का कर (टैक्स) प्रति वित्तीय वर्ष (1 अप्रैल से 31 मार्च) निर्धारित किया जाता है, जिसे व्यापारी नियमानुसार जमा करते हैं। आरोप है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी द्वारा बिना नोटिस एवं पूर्व सूचना के कुछ दुकानों को सील कर दिया गया, जो मध्यप्रदेश नगर पालिका अधिनियम की धारा 164 एवं 166 का उल्लंघन है। अधिनियम के अनुसार बकाया वसूली से पूर्व बिल जारी कर 15 दिन का समय देना अनिवार्य है तथा निर्धारित अवधि में भुगतान न होने पर मांग सूचना पत्र जारी किया जाना चाहिए।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि वित्तीय वर्ष 2025 तक का कर 31 मार्च 2025 तक जमा किया जा चुका है, इसके बावजूद वर्तमान वित्तीय वर्ष में तीन गुना टैक्स वसूला जा रहा है, जो अवैध और अन्यायपूर्ण है। साथ ही कर की रसीदें ऑफलाइन दी जा रही हैं, जबकि ऑनलाइन रसीद उपलब्ध कराना आवश्यक है।
व्यापारियों ने यह भी आरोप लगाया कि कर के एवज में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रहीं। कई दुकानों की स्थिति जर्जर है, छज्जों से प्लास्टर गिर रहा है, साफ-सफाई, पानी एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का अभाव है। इसके अतिरिक्त नगर पालिका पर आम नागरिकों की समस्याएं नहीं सुनने और अभद्र व्यवहार करने का भी आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में मकान टैक्स वृद्धि पर भी आपत्ति जताते हुए मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और कर दरों की पुनर्समीक्षा की मांग की गई है।

