मुलताई। मुलताई-नागपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर प्रमंडल जोड़ के पास शुक्रवार सुबह 11.20 बजे एक निजी यात्री बस और एक कंटेनर के बीच टक्कर हो गई। इस हादसे में 15 से अधिक बस यात्री घायल हो गए।
जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। हादसे के बाद यात्रियों की जान बचाने के लिए उन्हें खिडकियां तोडक़र बाहर निकालना पड़ा। वहीं घटना के बाद कंटेनर चालक मौके से वाहन छोडक़र फरार हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुलताई से बैतूल जा रही बस हाईवे क्रॉस कर रही थी, तभी नागपुर की ओर से आ रहे कंटेनर ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस 20 फीट दूर जाकर सडक़ किनारे की रेलिंग में जा घुसी। कंटेनर 100 फीट तक फिसलता हुआ डिवाइडर पर चढ़ गया।
हादसे में कई यात्री सीटों से गिर पड़े। कुछ यात्री टूटे शीशों से घायल हुए। कुछ लोगों को बचाने के लिए खिड़कियां तोडऩी पड़ीं। आसपास के ग्रामीण और दुकानदारों ने घायलों को बाहर निकालने में मदद की। कंटेनर चालक वाहन छोडक़र मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद मुलताई शासकीय और निजी अस्पताल से गंभीर हालत में राजेश, लोकेश साबले और अल्का उइके को बैतूल रेफर कर दिया है। वहीं अन्य यात्रियों को छुटपुट मामूली चोटे लगी थी, जो अस्पताल नहीं आए हैं।

अपने साधन से बैतूल रवाना हुए हैं। इसके पहले सभी घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से मुलताई के शासकीय अस्पताल में एडमिट कराया गया था। अस्पताल में डॉक्टर और नर्सों की टीम तैनात की गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कंटेनर तेज गति से और लापरवाही से चलाया जा रहा था। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

हादसे में यह हुए घायल …………..
इस हादसे में ललिता पति अनिल निवासी सोनौली, जमुना पति भाऊराव निवासी मुलताई, प्रज्वल पिता नरेंद्र निवासी मुलताई, लोकेश पिता राज कौशल निवासी कामत, अनीता पति मुनिराज निवासी सादाबाद, भारत सिंह निवासी चिकली, राजेश निवासी तिवरखेड़ा, लोकेश साबले निवासी मुलताई, इंदिरा पति श्रीराम निवासी मुलताई, रेखा पति सुनील निवासी सवारी, प्रियांशी पिता राकेश निवासी बैतूल, सरिता पति श्रीराम निवासी पोहा, कमल पिता रंगलाल निवासी बागोड़ा, कल्पना पति विजय निवासी कामत और नंदन सिंह पिता लखन निवासी सुखा खेड़ी घायल हो गये। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

प्रभारी मंत्री ने बस दुर्घटना में घायलों से की मुलाकात ….
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा तथा जिले के प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने शुक्रवार मुलताई के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती बस दुर्घटना के घायलों से मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान मंत्री श्री पटेल ने घायलों का हाल जाना और उन्हें हर संभव बेहतर उपचार दिलाने का भरोसा दिलाया। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने स्वास्थ्य विभाग द्वारा समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाने और त्वरित उपचार व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गंभीर घायलों को आवश्यकतानुसार बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि उन्हें शीघ्र स्वस्थ किया जा सके। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने बस दुर्घटना की विस्तृत जानकारी ली और अधिकारियों को घटनास्थल पर सुरक्षा के सभी वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए। ताकि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति दोबारा न हो।
—————————-
