ग्राम वलनी में मिले क्षत-विक्षत शव की गुत्थी सुलझी,24 घंटे में युवती की पहचान, हत्या के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार,
मुलताई।थाना मुलताई क्षेत्र के ग्राम वलनी में मिले अज्ञात क्षत-विक्षत शव के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर न केवल मृतिका की पहचान कर ली, बल्कि हत्या के आरोपी को भी गिरफ्तार कर मामले का सफल खुलासा किया है। अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) मुलताई शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मुलताई पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए इस जघन्य हत्याकांड का पर्दाफाश किया।
खेत में मिला था कंकाल अवस्था में शव
30 जनवरी 2026 को ग्राम वलनी में एक खेत में कुत्तों द्वारा नोचे जा रहे अज्ञात शव की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची। सूचनाकर्ता गोमा उईके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर सीन ऑफ क्राइम टीम की मदद से साक्ष्य संकलित किए।
शव अत्यधिक क्षत-विक्षत होने के कारण पहचान कठिन थी। मौके से मिले कपड़ों के अवशेषों एवं गुमशुदा महिलाओं के रिकॉर्ड के मिलान पर मृतिका की पहचान पूजा धुर्वे (23 वर्ष), निवासी ग्राम वलनी के रूप में हुई। मृतिका के माता-पिता द्वारा कपड़ों के आधार पर शव की शिनाख्त की गई।
हत्या कर शव को दफनाने का प्रयास
मर्ग जांच में सामने आया कि युवती की हत्या कर साक्ष्य छुपाने के उद्देश्य से शव को गड्ढा खोदकर दफनाया गया था। इस संबंध में थाना मुलताई में अपराध क्रमांक 77/26 धारा 103(1), 238(क) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।

युवक पर संदेह, कॉल डिटेल से आरोपी पकड़ा
परिजनों से पूछताछ में सामने आया कि मृतिका का गांव के ही युवक प्रमोद उईके से संपर्क था। घटना के बाद से आरोपी का गांव से गायब होना संदेह को और गहरा कर गया।
साइबर सेल की सहायता से कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रमोद उईके को ग्राम कुप्पा (चौकी पाढर क्षेत्र) से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी-प्रमोद उईके, पिता धनराज उईके, उम्र – 26 वर्ष, निवासी – ग्राम वलनी,पुलिस टीम को मिलेगा इनाम,पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा इस जघन्य अपराध का त्वरित खुलासा करने पर पूरी पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।


