मुलताई को जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत !
मुलताई। नगर के मध्य से गुजरने वाले प्रमुख मार्ग पर लगने वाले बार-बार के जाम और बढ़ती दुर्घटनाओं से आगामी समय में नागरिकों को बड़ी राहत मिल सकती है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा परमंडल से कामथ चौराहा तक लगभग 5.8 किलोमीटर लंबाई के मुख्य मार्ग को टू-लेन से फोरलेन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव राज्य शासन को भेजा गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार, प्रस्ताव को शीघ्र ही तकनीकी एवं वित्तीय स्वीकृति मिलने की संभावना जताई जा रही है। मंजूरी मिलते ही इस बहुप्रतीक्षित परियोजना का मार्ग प्रशस्त हो सकेगा। नगर के व्यापारिक क्षेत्र में जाम बना बड़ी समस्या यह मार्ग नगर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्र से होकर गुजरता है। मार्ग के दोनों ओर दुकानों की भरमार होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन अक्सर सड़क किनारे खड़े रहते हैं, जिससे आए दिन जाम की स्थिति, दुर्घटनाएं और विवाद की घटनाएं सामने आती रहती हैं।
यातायात सुधार के लिए प्रशासनिक स्तर पर कई प्रयास किए गए। भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध भी लगाया गया, लेकिन प्रभावी क्रियान्वयन के अभाव में समस्या जस की तस बनी रही। यही कारण है कि नगरवासी लंबे समय से इस मार्ग के चौड़ीकरण की मांग करते आ रहे हैं।
राजनीति और उम्मीदों के बीच अटका रहा चौड़ीकरण
जब-जब मार्ग चौड़ीकरण की बात सामने आती है, नगरवासियों की उम्मीदें बढ़ जाती हैं और राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो जाती है। पूर्व में भी कई बार इस मार्ग के लिए डीपीआर तैयार की गई, लेकिन कोई ठोस परिणाम सामने नहीं आया। अब एक बार फिर प्रस्ताव भेजे जाने से लोगों में उम्मीद जगी है।लोक निर्माण विभाग ने तीन प्रमुख मार्गों के भेजे प्रस्ताव

लोक निर्माण विभाग ने तीन प्रमुख मार्गों के भेजे प्रस्ताव
- लोक निर्माण विभाग द्वारा इस बार क्षेत्र के तीन महत्वपूर्ण मार्गों के प्रस्ताव राज्य शासन को भेजे गए हैं: परमंडल जोड़ से कामथ चौराहा (5.8 किमी) –टू-लेन से फोरलेन में उन्नयन का प्रस्ताव।
- परमंडल जोड़ से सर्रा-हेटी होते हुए अंबाड़ा नरेरा मार्ग (30 किमी) –
- सिंगल लेन को डबल लेन में परिवर्तित करने का प्रस्ताव।
- इससे मुलताई से आमला एवं आमला से सारणी तक आवागमन और अधिक सुगम होगा।
- चिखली कला-रीधोरा होते हुए नागदेव मंदिर मार्ग –
- आमला ब्लॉक के प्रमुख तीर्थ नागदेव मंदिर को जोड़ने वाले मार्ग निर्माण का प्रस्ताव।

पूर्व में 22 करोड़ की डीपीआर हुई थी निरस्त
उल्लेखनीय है कि बीते एक दशक में इस मार्ग के चौड़ीकरण के लिए कई बार डीपीआर बनाई गई। सकरी पुलिया के कारण हुई दुर्घटना में मौत के बाद जिला कलेक्टर के निर्देश पर लगभग 22 करोड़ रुपये की डीपीआर बनाकर शासन को भेजी गई थी, लेकिन यह प्रस्ताव मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम/निर्माण समिति के मापदंडों पर खरा नहीं उतरने के कारण निरस्त कर दिया गया था।

अब एक बार फिर नए सिरे से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि इस बार इसे शासन की स्वीकृति मिल पाती है या नहीं।
इनका कहना
“लोक निर्माण विभाग द्वारा प्रमंडल जोड़ से कामथ तक 5.8 किलोमीटर फोरलेन मार्ग निर्माण एवं चिखली से नागदेव मंदिर तथा प्रमंडल जोड़ से अंबाड़ा मार्गों के टू-लेन निर्माण के प्रस्ताव स्वीकृति के लिए राज्य शासन को भेजे गए हैं।”
— डी.आर. कलमकर
उपयंत्री, लोक निर्माण विभाग, मुलताई

—————————————————————————————————————————————————–

