हवन-पूजन, भव्य पालकी यात्रा, प्रतिभा सम्मान और परिचय सम्मेलन के साथ दिया स्वच्छता व शिक्षा का संदेश
मुलताई। सूर्यपुत्री मां ताप्ती की पावन नगरी में स्वच्छता अभियान के प्रेरणास्रोत एवं समाज सुधारक संत गाडगे बाबा का 150वां जन्मोत्सव श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक एकजुटता के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज बंधुओं की गरिमामयी उपस्थिति रही।
हवन-पूजन से हुई शुरुआत, निकली भव्य पालकी यात्रा
प्रातःकाल हवन-पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। प्रातः 11 बजे संत गाडगे बाबा की पालकी यात्रा नगर भ्रमण हेतु निकली, जिसमें बाल गोपालों की आकर्षक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। नगर के विभिन्न स्थानों पर पालकी का पुष्पवर्षा एवं आरती के साथ स्वागत किया गया। विकास, मनोज, मुन्ना, अंकुश सेवतकर एवं विलास राऊत सहित समाजजनों ने यात्रा के स्वागत में सक्रिय सहभागिता निभाई। मां ताप्ती मंदिर, जगदीश मंदिर एवं गजानंद रविदास मंदिर परिसर में भी पालकी का सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया। आगंतुकों के लिए नाश्ते की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई।

मंच संचालन व अतिथि सम्मान-कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन सी.के. गाडगे, दिलीप सौदागर, अनिल तिडके, रामप्रसाद बाथरी एवं सारजेराव मुदाफले ने किया। अतिथियों एवं समाज के वरिष्ठजनों का शाल-श्रीफल से सम्मान किया गया।
प्रतिभा सम्मान समारोह बना आकर्षण का केंद्र
समारोह में लोकेश प्रकाश सेवतकर को यूजीसी परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर मुलताई एवं समाज का नाम रोशन करने पर विशेष सम्मान प्रदान किया गया। इसके साथ ही कक्षा 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों तथा खिलाड़ियों सहित कुल 25 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। व्यवस्था संचालन में श्रावण उमरे, शशी सोलंकी, ललित गाडगे, संजय तायवाडे, संजय जावलकर एवं वीरेंद्र सोलंकी का उल्लेखनीय योगदान रहा। समाज के सात रक्तदाताओं को भी सम्मानित कर सेवा भावना को प्रोत्साहित किया गया।

गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलने का आह्वान
संत गाडगे बाबा समिति महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष श्याम सेवतकर ने अपने उद्बोधन में कहा कि गाडगे महाराज ने जीवनपर्यंत शिक्षा और स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। प्रदेश प्रभारी अशोक कुमार बाथरे, प्रदेश संगठन मंत्री सुधाकर निम्बुलकर, नर्मदापुरम संभाग संगठन मंत्री मीरा पटने, जिलाध्यक्ष रामप्रसाद भारके, बैतूल जिलाध्यक्ष लक्ष्मीनारायण बाथरी एवं जिला संगठन मंत्री रमेश कालेलकर ने भी गाडगे बाबा के आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

मुलताई नगर अध्यक्ष वर्षा गढ़ेकर ने समाज को स्वच्छता, शिक्षा एवं सामाजिक एकता के मार्ग पर अग्रसर रहने की प्रेरणा दी। बालक-बालिकाओं का परिचय सम्मेलन व आभार कार्यक्रम में आठ बालक-बालिकाओं का परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिससे समाज में संवाद एवं समन्वय को बढ़ावा मिला।
अंत में अनिल पपाड़कर एवं गजेन्द्र वावसे ने समिति की ओर से सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन प्रसादी के साथ हुआ। संपूर्ण आयोजन ने संत गाडगे बाबा के स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक समरसता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का सार्थक प्रयास किया।

