वीआईपी स्कूल के पास हुआ भीषण सड़क हादसा, एक युवक की अस्पताल में और दूसरे की नागपुर ले जाते समय मौत
मुलताई | मुलताई के नागपुर रोड स्थित थावरिया नाला के पास वीआईपी स्कूल के समीप हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और मृतकों के परिवारों में मातम छा गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार खेडी देवगांव निवासी बारीक उर्फ हेमराज धुर्वे (18 वर्ष) मुलताई के एक रेस्टोरेंट में कार्य करता था।
शुक्रवार 15 मार्च 2026 की शाम करीब 5 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया कि वह अपने दोस्त सुखदेव कहार के साथ स्कूटी से मुलताई से अपने गांव लौट रहा है।
बताया जा रहा है कि रात करीब 11:30 बजे सूचना मिली कि नागपुर रोड स्थित थावरिया नाला के पास वीआईपी स्कूल के सामने उनकी स्कूटी की टक्कर एक ट्रक (क्रमांक RJ-14 GE 0676) से हो गई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था और अचानक ब्रेक लगाने के कारण पीछे से आ रही स्कूटी ट्रक से जा टकराई।
इस भीषण टक्कर में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सरकारी अस्पताल मुलताई पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हेमराज धुर्वे के सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत गंभीर देखते हुए परिजन उसे बेहतर उपचार के लिए एम्बुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में मल्हारा पंखा के पास उसने भी दम तोड़ दिया।मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। इधर पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। इस दर्दनाक हादसे से खेडी देवगांव सहित आसपास के क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है, वहीं दोनों युवकों की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

