बिगड़ते जा रही है ताप्ती सरोवर के घाटों की स्थिति,20 वर्ष से निर्माण की बाट जोह रहा ताप्ती शुलूस गेट

0
325

मुलताई- झीलों, तालाबों एवं परंपरागत जल स्रोतों के संरक्षण और सुधार के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा अनेक महत्वकांक्षी योजनाए चलाई जा रही है और दूसरी ओर धार्मिक आस्था का केंद्र मुलताई पवित्र नगरी का ताप्ती सरोवर अपना भविष्य तलाश रहा है।

नगर पालिका परिषद  ने 20 वर्षों में शुलुस गेट सुधार के अनेकों प्रस्ताव लिए किंतु कोई नतीजा नहीं निकला। बीते 2 वर्षों की बात करें तो नगर पालिका बैतूल के नेताओं की कृपा से निर्माण के बजाय खरीदी में व्यस्त है और इधर शुलुस गेट खराब होने के कारण ताप्ती सरोवर से निरंतर जल का रिसाव हो रहा है जिससे समय से पहले  ही ताप्ती सरोवर का जल स्तर कम हो जाता है।  गजानन मंदिर के सामने के भाग में ताप्ती सरोवर की मुख्य दीवार ढहने के कगार पर है। कर्बला घाट 20 वर्षों से पूर्ण होने की बाट जोह रहा है।

कभी भी ढ़ह सकती है ताप्ती सरोवर की दीवार

ताप्ती सरोवर एवं शनि सरोवर मात्र तालाब नहीं बल्कि क्षेत्र वासियों की धार्मिक आस्था के प्रतीक भी है। क्योंकि ताप्ती सरोवर को ताप्ती कुंड माना जाता है जिसका अपना धार्मिक महत्व है। बीते 2 दशकों में ताप्ती के प्रति आस्था मे निरंतर वृद्धि हो रही है और जिले का हर प्रमुख नेता भी अपने आप को सबसे बड़ा ताप्ती भक्त बताने की होड़ में दिखाई देता है।  घोषणाएं भी होती है किंतु ताप्ती श्री क्षेत्र की स्थिति मे सुधार के बजाय स्थिति बिगड़ती जा रही है।

गजानन मंदिर के सामने वाला मुख्य मार्ग की दीवार सरोवर के भाग में बाहर आ गई है और स्थिति यह है कि यह भाग कभी भी ढ़ह सकता है और दीवार ढहने के साथ ही इस पर लगे ड़़ोम के पिल्लर भी गिर सकते है । बीते दो दशक से कर्बला घाट अपूर्ण पड़ा है वर्षा काल में जब सरोवर पानी से लबालब हो जाता है यह अधूरा घाट अत्यंत खतरनाक हो जाता है। हालांकि घाट पर जाने का मार्ग बंद होने के कारण अब तक यहां कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है किंतु अपने आप को ताप्ती भक्त बताने वाले राजनीतिक दलों ने कभी ताप्ती सरोवर का सुधार हो सके इसके प्रयास नहीं किए।

कब होगा शुलुस गेट का निर्माण

नगर की जनता 20 वर्षों से ताप्ती एवं  शनि सरोवर के बीच बने शुलुस गेट निर्माण की मांग करते आ रही है अनेकों बार नगर परिषद इसके लिए प्रस्ताव भी ले चुकी है किंतु कोई नतीजा नहीं निकला। शुलुस गेट खराब होने के कारण ताप्ती सरोवर का जल पूरे वर्ष निरंतर बहता रहता है जिससे ताप्ती सरोवर का जल स्तर समय से पहले ही घट जाता है। इसका प्रभाव नगर के 20 से अधिक जल स्रोतों पर पड़ता है और यही कारण है कि नगरीय क्षेत्र के अनेक बोर समय से पहले ही दम तोड़ देते हैं। हर वर्ष शुलूस गेट निर्माण की मांग उठती है और वर्षा काल प्रारंभ होते ही समाप्त हो जाती है।

इनका कहना

हमारी परिषद सरोवरो के सुधार के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।अभी बड़ी समस्या नगर पालिका में इंजीनियर की है हम चाहते हैं कि ताप्ती सरोवर शनि सरोवर के निर्माण की ठोस कार्य योजना बने और उस पर शीघ्र अमल चालू हो।

नीतू प्रह्लाद परमार
अध्यक्ष नगर पालिका मुलताई


LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here