मुलताई- मुलतापी जिला बनाओ अभियान के 24 वे दिन जिला बनाओ संघर्ष समिति के सदस्यों ने ताप्ती सरोवर के जल में खड़े रहकर जल सत्याग्रह किया। संघर्ष समिति के सदस्य हाथों में जिला बनाओ के बैनर लेकर ताप्ती जल में घंटो खड़े रहे।
मुलताई को जिला बनाओ संघर्ष समिति ने कहा है कि आज सांकेतिक रुप से जलसतयाग्रह किया गया है आने वाले समय में इसके विस्तार से रूपरेखा बनाई जाएगी।
आंदोलनकारीयों ने ताप्ती जल में खड़े रहकर

- जिला नहीं तो वोट नहीं,
- अभी नहीं तो कभी नहीं,
- मुलताई को जिला बनाओ के नारे लगाए।
युवाओं ने ताप्ती सरोवर के मध्य बने ध्वज पर पहुंचकर मां ताप्ती को जिला बनाओ मांग पत्र अर्पण किया। ताप्ती सरोवर में उतरकर सत्याग्रहियों ने मुलतापी जिला बनाने के लिए पुरजोर मांग की और मां ताप्ती से जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि की कामना की।
जल सत्याग्रह के दौरान मां ताप्ती को सरोवर के बीच झंडे पर पहुंचकर ज्ञापन अर्पित किया और जिला बनाओ के नारे लगाए। जल सत्याग्रह कर रहे जिला बनाओ संघर्ष समिति के संदीप कामडी, रोबिन सिंह परिहार, सौरभ जोशी, शुभम पंडाग्रे, सलमान शाह, दिनेश साहू, गजेंद्र खेरवाल, अंकित माहोरे, निखिल खत्री लक्की मराठा आदि शामिल रहे।

लगातार जारी रहे जल सत्याग्रह और जिला बनाओ आंदोलन
जिला बनाओ संघर्ष समिति के हनी खुराना ने बताया की समिति के सभी सदस्यों की सहमति से जिला बनाओ आंदोलन लगातार जारी रहेगा साथ ही जल सत्याग्रह भी जारी रखा जाएगा। उन्होंने बताया की विगत दिनों कृषि मंत्री ने आश्वासन दिया था की वे मुख्यमंत्री से समय लेकर उनसे मुलाकात करवाएंगे और मुलतापी जिला बनाने के लिए मुख्यमंत्री से बात करेंगे। लेकिन अभी तक उनकी तरफ से कोई जवाब नही आया है। यदि कोई प्रतिक्रिया नहीं आती है और मुलताई को जिला नही बनाया जाता है तो आंदोलन उग्र हो सकता है, आने वाले चुनाव में चुनाव का सामूहिक बहिष्कार भी किया जा सकता है।
———————————————————————————————————–